Friday, 30 October 2015

#लप्रेक

अथर्व,तू आज इन्बौक्स टाईप क्यूँ कर रहा है?
क्यूँकि वेदिका आज तुम एकदम मैसेज सी लग रही हो।
तू क्या-क्या बोलते रहता है अथर्व।
अरे वेदिका,तुम बस ऐसे हीं नाराज हो जाती है।
अब तू कुछ भी अगर बोली तो,मैं तुम्हें अपने ड्राँफ्ट में सेव कर लूँगा।
अरे!अथर्व,अब तू भी लोगों को बोलने से रोकने लगा?
अथर्व आज तू भी एक भीङ का हिस्सा लग रहा है।
अरे! वेदिका,तू देख नहीं रही आज लोगों को बोलने पर ही मार दिया जा रहा है।मैं तो तुम्हें अपने लिए,बोलने से रोकता हूँ।
तू,हर बात पर जो बोलने लगती,अपनी राय देने लगती है।
डर तो तेरे लिए लगता है,अगर तुम न रहोगी तो इस शहर में मैं क्षण एक भर नहीं रह सकूँगा।

अरे! अथर्व तू आज इतना ईमोशनल टाईप्ड क्यों कर रहा है?
अरे!वेदिका कुछ दिनों से डर लग रहा है ।
एक प्रौमिस करोगी वेदिका,करोगी ना,प्लीज!
अरे तू बोल तो सही,अथर्व।
वेदिका अब तुम इतना मत बोलना,माहौल देख रही हो ना।डर लगता है बहुत।
प्लीज!मत बोलना वेदिका।

Tuesday, 27 October 2015

जीना,फिर ठहरना,फिर जीने लगना ।

कितना बेवजह लगता है कभी-कभी सबकुछ।
जैसे ये लिखना,ये काम करना,ये क्लास जाना
सबकुछ बेवजह लगने लगता है।
सोचना होता है की ये चीजें क्यों कर रहा हूँ,कहीं बेवजह तो नहीं कर रहा हूँ।
बहुत बार तो ये वजह और बेवजह में क ई दिनों तक फँसे रहना,फिर निष्कर्ष निकालना की ये फँसना भी कितना बेवजह था।
ये जो लिख रहा हूँ,ये भी तो बहुत बेवजह हीं है ना,इससे क्या होने वाला है,इसको कौन पढेगा,इसको कौन देखेगा।
पता होते हुए भी बेवजह को हीं करना उसको एक मुका़म देता है।कितना अच्छा लगता है कभी-कभी बेमकसद के कामों को भी करना,ये भी तो सुकून के पल दे जाते हैं।बेवजह में हीं अधिक रस होता है जैसे की बेरोजगारी में हीं कोई भी अधिक प्रयास करता है।
कितना अच्छा लगता है बहुत दिनों तक कुछ न करना,सोये रहना,अधिक हुआ तो दोस्तों के साथ घूम लेना बस।सबसे अधिक भाता है सोना हीं,इसमें हीं तो बिना टेंशन के बेसकिमती निंद का मिजाज पता चलता है।

सबकुछ बेवजह हीं है,पर सब के साथ एक वजह दौङ लगाते रहता है।पता होता है जब मैं रेत को अपने मुट्ठियों में कैद कर लेना चाहता हूँ,कि ये मिनट भर में भरभरा जायेगा।ठीक वैसे हीं पता होता है की हमें जागना है,निरंतर चलना हीं है,लोगों के साथ कमर कसकर दौङना हीं होगा।
फिर भी सोना हीं अच्छा लगता है,बेवजह हीं बेशक।
बहुत दिनों तक किसी के बारे में सोचते रहना।
किसी लङकी के बारे में,अगर वो होती तो ऐसा होता,ऐसा होता,फिर वैसा होता।वो संग होती,वो फिर संग होती,पर वो है हीं नहीं।फिर फेसबुक पर उसको मैसेज करना।फिर होना,फिर,फिर संग होना।
ये बेवजह हीं तो है।
क ई बार दोस्तों के सिगरेट पीने के आँफर को ठुकरा देना,फिर गालियाँ सूनना।फिर सोचना ये पीना भी कितना बेवजह हैं।

फिर जागना,फिर जीने लग जाना।कितना अच्छा लगता है ये बेवजह का संग होना।

Wednesday, 21 October 2015

देखते रहिए

अगर आपको बिहार चुनाव को महसूस करना है तो आप पटना को छोङकर किसी गाँव में चल जायें।आपको कोई भी योगेंद्र यादव से कम नहीं लगेगा,हर कोई अपनी पार्टी को अपने अनुसार जीता रहा है।
पर एक बात और है कि-बिहार की राजनीति और भाषा में ननद-भौजाई और साली-बहनोई का रिश्ता होता है,तो ध्यान दीजिए की आप किसी
की गाली को गाली न हीं समझें तो बेहतर।

नीतीश कुमरवा ठीक नहीं किया बिहार की जनता के साथ,जिसको जंगलराज बोलता था,अपने भी वही जंगल में घूस गया।जनमत के साथ अन्याय किया है नीतीशवा।क्या पता इसको क्या हो गया भाजपा से?एक नंबर का अहंकारी आदमी है।
मोदी जी से क्या पता इसको क्या नफरत है?नीतीशवा मरते दम तक मोदी जी में मिल पायेगा क्या?एकदम गद्दार है नीतीशवा।

एक बात ये है कि-इसको क्या पता भूमिहार से क्या बैर है,हमलोग हीं इसको बनायें और हमसे हीं
होशियारी करता है।एक बात आपलोग सून लीजिए हमलोग को कोई गरज नहीं है की उसके पास जायें,उसको तो आज नहीं तो कल गरज पङेगा हीं।
समझ लीजिए कि-अगर लालू फिर से आ गया तो
हमलोगों से क्या-क्या करेगा।पूरा माहौल 20 साल पहले वाला हो जाएगा,आप फिर से अपने दलान पर ऐसे नहीं बैठ पायेंगे।
सरकारी नौकरी में पूरा अहिराँव मजा देगा,हर थाना-ब्लाँक में यादव अफसर को भर देगा।

एक बात और कि-इस बार नीतीशवा अगर आ गया तो भूमि सुधार कानून पक्का लायेगा हीं।
और हाँ जो निजी नौकरी है उसमें भी यादव लोग
को धर के भर देगा।
ये महोदय थे भाजपा के टिटिहर नेता।

कुछ देर बाद दलान पर हीं एक कम्युनिस्ट नेता आते हैं।
उनको देखते हीं लोग कहते हैं कि-देख! कुतवा चंदा के लिए आ रहा है।कम्युनिस्ट पार्टी आज भी काडरों के चंदे से हीं चलता है।आते हीं उन्होंने ज्ञान पेलना शुरू कर दिया।आपलोग भाजपा के फेरे में काहे हैं?ये पूँजिवादी लोगों की पार्टी है,ये आम जनता,गरीब,किसान,मजदूर का कभी भला नहीं कर सकती है।भाजपाअंबानी,अदानी के हाथों बिक ग ई है।भाजपा के रहते सांप्रदायिक सौहार्द कभी नहीं पनप सकता।इसको नागपुर से संचालित किया जाता है।दोगला होता है भाजपा वाला सब,आपलोग के लिए राम मंदिर बनवा दिया न,वैसे हीं आप सब का 5 साल में विकास कर देगा मोदिया।
जाते-जाते भूमिहार छाप काँमरेड कुछ अच्छी बातें भी कह ग ए-अगर हम किसी के हाथों बिकेंगे तो,कभी न कभी हर मोर्चे पर हम हारेंगे।अगर सरकार आगे कभी भी भूमि अध्यादेश लाती है तो हम आपलोगों के लिए मरनों को तैयार रहेंगे-आगे कहते ग ए-:पुर्जा-पुर्जा कट मरै पर कबहुँ न छोङै खेत।खैर,एक बात है गाँव के काँमरेडो को आज भी कोई नहीं खरीद सकता है।

राजद के उम्मीदवार हमारे गाँव नहीं आते हैं।
राजद ने पालीगंज से इस बार पूर्व केन्द्रिय क्रिषि मंत्री राम लखन यादव के पोते को मैदान में उतारा है।भाजपा से कट्टर भूमिहार की छवि रखने वाले रामजन्म शर्मा को फिर 1985 के बाद मौका दिया है।अमित साह अपनी रैली में बोल रहे थे-देखिए तो कितना अच्छा नाम है,रामजन्म,ये आपके पास रामलल्ला का आशीर्वाद लेकर आये हैं।

ये बातें थीं अलग-अलग दल के नेताओं कि।
जैसा की भूमिहारों को लालू के जंगल राज का डर पहले से किस तरह दिखाया जा रहा है।लोगों को विकास के नाम पर किस हद तक बर्गलाया जा रहा है।लालू का जंगलराज कि छवि गढने में सवर्णों,खासकर भूमिहारों कि अव्वल भूमिका रही है।पर सच्चाई यह है कि लालू के जंगल राज का फायदा सबसे अधिक सवर्णों को हीं हुआ।आप चारा घोटाला को हीं ले लीजिए,अधिकांश अभियुक्त सवर्ण हीं थे।
आज भूमिहार जाति के लोग विकास के नाम पर हीं सिर्फ वोट देते हैं,मोदी ब्रांड वाला विकास।भूमिहार लोग हीं 2004 के लोकसभा चुनाव में आरा लोकसभा क्षेत्र से रणवीर सेना के प्रमुख बर्मेश्वर मुखिया को भी विकास के नाम पर हीं वोट दिये थे।
क्या विकास और जाति एक दूसरे के पर्याय हैं।
भाजपा हीं बस विकास करेगी और उसमें भी अपनी जाति वाला हो तो सोने पर सुहागा।

इन लोगों का मानना है कि नीतीश कुमार ने जो भी किया वह भाजपा के चलते हीं संभव हो सका है।

आप अगर इनसे अधिक सवाल करेंगे तो हो सकता है कि ये आपको काट भी खायेंगे।
बस देखते रहिए,तमाशा देखते रहिए,लोकतंत्र के महापर्व में होने वाले तमाशे को देखते रहिए।हो सके तो एक कोने में खङे होकर देखिए,और अच्छा दिखेगा।
एक पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नारा भी दिया है-हारेंगे तो हुरेंगे,जितेंगे तो पेलेंगे।ये नारा देने वाले लोग केसरिया और राष्ट्रवाद का गुण गाते हैं।

Saturday, 17 October 2015

एक डायरी ट्रेन में।

ट्रेन चल रही है,चारो तरफ अंधेरा हीं है,बस कोई है तो वह ट्रेन की छूक-छूक की आवाज और अंधेरे में तारों से जगमगाता अनंत आकाश।
इस समय मैं बिल्कुल खाली हूँ,बिना कुछ सोचे अनंत आकाश को पीछे छोङते ट्रेन में बैठा सफर कर रहा हूँ।
जब करने को कुछ न हो तो मन एक जगह शांत नहीं रहता,ये चंचल मन।
कभी आरा कभी पटना टाईप्ड की फिलिंग्स आ रही है।कभी मन पटना वाला पुराना डेरा टाईप्ड महसूस कर रहा है।कुछ न होते हुए भी उस डेरा में कितना कुछ था,बाबा केे रोज के संघर्ष कि कहानी,पापा के संघर्ष की कही-सूनी हुई बाते जो की हमें अक्सर हीं दादी सुनाया करती थी या कहें तो बताया करती थी।कुछ न था वहाँ अच्छा,पर दो भाई थे वहाँ,उनकी एक बङी बहन थी वहाँ और इन सबों के बीच था कभी न खत्म होने वाला उनलोगों के बीच का प्यार।छोटा भाई और बहन अक्सर हीं लङते,रोज हीं कहीए तो,पर कुछ देर बाद हीं कन्क्लूजन निकलता कि गलती किसी की नही थी।तो फिर लङे क्यों,क्या पता,शायद मन कर दिया होगा बगावत करने का।दोनों के बीच उम्र का फासला 12 साल का था ।
बिना टेंशन का जीना था वहाँ,बिना जमाने का परवाह किये,जो की मैं आज भी नहीं करता।
कब सुबह,कब दोपहर,कम शाम क्या पता,फासला हीं नहीं पता चलता था।
शाम को किताब खोलकर बैठ गया,पर अभी अच्छी तरह पालथी जमाई नहीं कि मन में सवाल आने लगे-बाबा 15 मिनट में आ हीं रहे होंगे कुछ खाने-पीने का समान लेकर।बाबा आये नहीं कि हमारी पढाई समाप्त।

पापा को पटना वाले डेरा पर आये कभी कभार महीने भी हो जाते,बहुत समय होने पर संडे के दिन मन पापा का भी बेसब्री से ईंतजार करता रहता।पापा एक दिन,दिन क्या कुछ घंटे के लिए भी आते तो प्रिपोजिसन,नेक्टर्स और सब्जेक्ट भर्ब एंड ऐग्रीमेंट का महत्व बताकर हीं जाते,वही 6.30 वाली सटलवा से।

माँ मेरी सबसे करीब रही है,मेरी आँखों की नूर रही है बचपन से हीं।धङाम-धुङूम,कूद-फांद करता लेकिन हर घंटे माँ को देखने जरूर आता।सबसे अच्छा वो पल होता था जब गाँव माँ के पास जाना होता था,बाबा के पास।
सबकुछ था पटना वाला डेरा में भाई,बहन,लङाई,प्यार,संघर्ष,बिना टेंशन की जिंदगी और भी बहुत कुछ।सपने भी थे मेरे,सपनों ने जन्म लेना उस डेरा में हीं शुरू किया।सपने छोटे थे उस वक्त जैसे डी.ए.वी में पढने के सपने थे,सपने थे की मैं भी स्कूल बङी बस में बैठकर जाऊँ।
ऐसे हीं थे हमारे सपने।

Sunday, 11 October 2015

सवाल नीतीश कुमार से।

न मैं भक्त हूँ न सिकूलर हूँ न मैं यक्ष हूँ न मैं आपसे धर्मराज युधिष्ठिर बनने की चाह रखता हूँ।
आपने बिहार के लिए बहूत कुछ किया है।
आपसे कुछ सवाल करना चाहता हूँ।
क्या आपने जो पिछले 10 साल में किया वो आपको पर्याप्त लगता है?
क्या आपको नहीं लगता की 2011 के बाद से आपके और एक व्यक्ति के बीच कि अहंकार की लङाई का खामियाजा जनता को बुरी तरह भूगतना पङा है?
आपके पहले पाँच वर्ष और दूसरे पाँच वर्ष के शासन में क्या अंतर है?
क्या आपने मांझी को अपना पद देकर और फिर इस्तिफा लेकर जो कुछ किया,वो तमाशे से कम रहा क्या?
क्या आपने गुंडो को नहीं पाला क्या,अगर नहीं तो फिर अनंत सिंह का खौफ किस वजह से रहा आपके समय में भी,और भी क ई उदाहरण हैं?
फारबीसगंज और बगहा गोलीकांड की जिम्मेदारी किसकी थी?अफसरशाही का खूब बोलबाला रहा,कुछ अधिक हीं।
छपरा के गाँव में मीड डे मिल का हादसा जो हुआ,उसमें आपकी कुछ नैतिक जिम्मेदारी थी कि नहीं?आप उस समय वहाँ जाने के बजाय अपने विरोधियों पर हीं ठिकरा फोङते रहे।आपको पता तो होगा हीं-कि जिस घर में किसी बच्चे की ऐसी दर्दनाक मौत होती है तो उनके माता-पिता की बची हुई जिंदगी यही सोचने में निकल जाती है की अगर आज वह रहता तो इतना बङा रहता,आज अगर वह रहता तो ये-ये चीजें मांगता।आप कुछ देर के लिए हीं सही,मिल तो आते महोदय।
क्या आपने लक्ष्मणपुर बाथे के नरसंहार पिङितों के साथ न्याय होने दिया क्या?प्लीज सबूत के अभाव का हवाला नहीं दिजिएगा।
क्या बरमेश्वर मुखिया की हत्या के बाद आरा और पटना में जो उत्पात हुआ,वो राज्य प्रायोजित नहीं था क्या?
आपके समय में शिक्षा व्यवस्था का जो हाल हुआ,उसके लिए कौन जिम्मेदार हैं?
आपने तो शिक्षकों की भर्ति लौका-कोहङा के भाव से कर दी।
आपके समय में तकनीकि शिक्षा का क्या हाल रहा?
किस स्तर पर पलायन रूका बिहार से दूसरे राज्यों में?
नीतीश जी हमारे राज्य में शिक्षा व्यवस्था का जो हाल है,उसपर वाक ई में रोना आता है।उसके लिए आप जिम्मेदार हैं महोदय।आपने तो बुनियाद को हीं ध्वस्त कर दिया,फिर मजबूत ईमारत बनने की आशा आप क्यों रखते हैं?
आशा है की आपका जबाव जरूर आएगा।

Sunday, 4 October 2015

गाँव से शहर हो जाना।

जब भी गाँव जाता हूँ तो जितने लोग मिलते हैं,सब लोग हालचाल पूछते हैं,जिंदगी के रहस्यों पर से पर्दा हटाने की कोशीश तक कर देते हैं।
पर जब गाँव से शहर आता हूँ तो कोई देखकर भी नहीं देखता,कोई सुनकर भी अनसुना कर देता है।

गाँव जाकर कितना अच्छा लगता है जब सारे लोग ईक्वेसन आँफ अ फैमिली औफ स्ट्रेट लाईन और सर्कल्स टाईप का फिल देते हैं।
गाँव के लोगों का हमेशा स्केलर और टेंसर बना रहना कितना फिल देता है।वेक्टर तो हमें उलझन हीं देता रहा है।
वहीं शहर आने पर वेरीयेबल क्युबीक ईक्वेसन टाईप का हो जाना,अपने आप में सिमटकर बस अपना हो जाना।जिंदगी को क्लासीकल प्रोबैबिलिटी टाईप का जीने लग जाना।
लोगों से टैंजेंट टाईप से मिलना।कितना अच्छा लगता है अपने लोगों से परपेंडीकुलर टाईप मिलना।पर पता हीं नहीं चला की जिंदगी में ये टैंजेंट कब आ गया।हम तो सर्कल ठहरकर किसी दूसरे का ईंतजार करते ठहरते हैं।टैंजेंट तुम मुझे बिल्कुल अच्छे नहीं लगते।

गाँव मुझे पता हीं नहीं चला की कब तोहरे और हमरे बिच के ग्रेविटि का रिश्ता डेफिनिट ईंटिग्रल विद पोजिटीव स्लोप में बदल गया।
तुमको शायद पता नहीं है शहर मैं तुम्हारे हर कोने में ईंटिग्रेसन का सूत्र लिये फिरता चलता हूँ।
तुमको हर ऐंगल से देखना चाहता हूँ।
तुम हीं तो ऐंगल औफ एलिवेसन और डिप्रेसन कि याद को जेहन मे बार-बार ला देते हो।
अब कितना लिखे,तुम्हारे बारे में पहले हीं बहुत लोग बहुत कुछ लिख चुके हैं।

फिर भी मैं गाँव को अपने अंदर लेकर शहर को खोजना चाहता हूँ,शहर की हर गलियों में एक नये गाँव को देखता हूँ।मेरे लिए मेरे गाँव को भूलने का मतलब है अपने अस्तित्व को भूल जाना,अपनी उन पीढीयों को भूल जाना जिन्होंने न जाने कितने कष्ट और मेहनत करके हमारे लिए जमीन को सींचा है।
पर ए-शहर मैं तुमसे भी ईश्क करना चाहता हूँ वही अंदाज में।